Deoli News @ मनीष बागड़ी : देवली में गत बुधवार को पटेल नगर में संदिग्ध हालात में महिला की मौत का मामला पुलिस के लिए अब पहेली बना हुआ है। इस संबंध में टोंक व सवाई माधोपुर की एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य उठाएं है।
वहीं गुरुवार को पुलिस ने मेडिकल बोर्ड द्वारा महिला का पोस्टमार्टम कराया। आपको बता दें कि मृतका सुनीता ने 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके चलते पीहर के लोग उससे नाराज थे। सुनीता की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद भी पीहर के लोग मौके पर नहीं आए। इस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव ससुराल पक्ष के लोगों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस महिला की मृत्यु के कारणों को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है।
उधर शव का पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड के सदस्य डॉ राजकुमार गुप्ता ने बताया कि महिला के सिर पर तीन गंभीर चोटे पाई गई। जिनमें दो चोटे सिर के अंदर तक थी। इसके अलावा कान पर भी चोट के निशान पाए गए। उन्होंने बताया कि राईगर मोटिस की गणना के अनुसार महिला की मृत्यु 12 से 24 घंटे के भीतर हुई। फिलहाल एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।