जयपुर। भारत वाहिनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम तिवाड़ी ने वंचित वर्ग की परिभाषा बताते हुए कहा कि इसमें दो वर्ग शामिल हैं। पहले वे जो अभी तक आरक्षण से वंचित ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, कायस्थ, आरक्षण से वंचित मुसलमान। दूसरे वे जिन्हें आरक्षण तो मिला हुआ है मगर अब तक उस आरक्षण के लाभ से वंचित हैं। तिवाडी सोमवार को जयपुर के पिंकसिटी प्रेसक्लब में मीट द प्रेस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
तिवाड़ी फॉर्मूला
SC – 16% + Open Cate. – 32% = 48%
ST – 12% + Open Cate. – 32% = 44%
OBC – 21% + Open Cate. – 32% = 53%
MBC – 5% + Open Cate. – 32% = 37%
EBC – 14% + Open Cate. – 32% = 46%
तिवाड़ी ने कहा कि आरक्षण को लेकर इस सरकार की नीयत में खोट है। यह सरकार न केवल गुर्जर समाज को धोखा दे रही है, बल्कि कोई भी समाज ऐसा नहीं है जिसको इस सरकार ने धोखा नहीं दिया हो। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज या वर्ग को किसी भी राजनीतिक दल के खुंटे से नहीं बंधना चाहिए, क्योंकि जो खुंटे से बंधा होता है वही भूखा मरता है। भाजपा ने ही नहीं वंचित वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी अपना मुंह बंद रखकर न केवल अपने समाज को धोखा दिया है बल्कि विश्वासघात किया है।
इस बार होने वाले विधानसभा चुनावों में वंचित वर्गों ने एक बार फिर भाजपा को वोट दे दिया तो अपनी आने वाली भावि पीढ़ी को ही खराब करेगी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में वंचित वर्ग भाजपा को अपने पापों का दंड देगी तो लोकसभा से पहले ही वंचित वर्ग को आरक्षण मिल जायेगा।
प्रदेश में सरकार है ही नहीं
तिवाड़ी ने कहा कि राजस्थान में वर्तमान परिस्थितियों में स्पष्ट दिख रहा है कि सरकार कहीं भी नहीं है। पूरे प्रदेश में अराजकता का वातावरण बना हुआ है। विभिन्न कर्मचारी संघ आंदोलनरत हैं, काम काज ठप पड़े हैं। जो सरकार दिसंबर में जाने वाली थी, वो 3 महिने पहले ही चली गई। तिवाड़ी ने कहा कि भारत वाहिनी पार्टी के सरकार बनाते ही इन सभी समस्याओं से जनता को निजात दिलायेगी।