जयपुर। भाजपा के संस्थापक सदस्य पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र और बाड़मेर के शिव से विधायक कर्नल मानवेंद्र सिंह बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस का हाथ थाम लिया। सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने मंगलवार को यहां कहा था कि मानवेंद्र सिंह बुधवार को कांग्रेस में शामिल होंगे। मानवेंद्र के साथ उनकी पत्नी चित्रा सिंह भी कांग्रेस में शामिल हुई हैं। लेखक, पत्रकार और नेता कर्नल मानवेन्द्र सिंह के लिए कहा भी जाता है कि वे अपने किसी भी मिशन को बेहद गोपनीय रखते हैं और अंत समय तक पत्ते नहीं खोलते हैं लेकिन बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही कई दिनों से चल रही अटकलों पर आज विराम लग गया। इस दौरान पीसीसी चीफ सचिन पायलट और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव व पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी मौजूद थे।
शिव से भाजपा विधायक मानवेंद्र ने पिछले ही महीने बाड़मेर में स्वाभिमान रैली की और कमल का फूल, बड़ी भूल कहते हुए भाजपा से अलग हो गए। मानवेंद्र की भाजपा के प्रादेशिक नेतृत्व और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से लंबे समय से खटपट चल रही थी। राज्य के बाड़मेर व जैसलमेर के साथ-साथ आसपास के राजपूत समुदाय में मानवेंद्र और उनके जसोल परिवार की अच्छी पकड़ मानी जाती है और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनके कांग्रेस में शामिल होने को एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।