जयपुर
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निवास पर शुक्रवार को लोकसभा चुनावों के दावेदारों की भारी भीड उमडी। विधानसभा चुनावों के बाद पहला अवसर था जब के निवास पर इतनी भीड नजर आई। सुबह पूर्व मुख्यमंत्री के जयपुर में होने तथा लोगों से मिलने की सूचना के बाद चुनावों के सभी दावेदार अपने समर्थको के साथ वहां पहुंच गए और शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान कई भाजपा पदाधिकारी भी अपना चेहरा दिखाने की होड में नजर आए। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी भी वहां पहुंचे और राजे से मुलाकात की। उनके अलावा कुछ विधायक और जिलो से आए भाजपा के पदाधिकारी भी राजे से मिले।
बता दे कि विधानसभा चुनावों के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने अपना अधिक समय झालावाड और धौलपुर में ही व्यतीत किया है। वे देर रात ही दिल्ली से जयपुर लौटी थी और आज सुबह वे लोगों से मिली। राजे के जयपुर में होने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यालय में चुनावों की दावेदारी के लिए आने वाले नेताओं ने उनके निवास की ओर रुख कर लिया। पूर्व सीएम भी एक-एक कर सभी से मिली और सबका पक्ष सुना। इस दौरान चुनाव के दावेदारों ने राजे को बायोडाटा भी सौंपे।